केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो, नई दिल्ली में अनुवाद प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कुल 19 प्रशिक्षार्थियों के एक दल ने दिनांक 23.10.2026 को वन अनुसंधान संस्थान का दौरा किया। ब्यूरो में अनुवाद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विभिन्न मंत्रालयों/कार्यालयों के अनुवाद अधिकारियों के लिए संस्थान के प्रमंडल कक्ष में “अनुवाद” पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। डॉ. जयंती प्रसाद नौटियाल, महानिदेशक, वैश्विक हिन्दी शोध संस्थान, देहरादून कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ के रूप में आमंत्रित थें। हिंदी अनुभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में उपस्थित संस्थान के कुलसचिव श्रीमती मोनाली सेन ने सभी प्रतिभागियों का संस्थान में शैक्षिक भ्रमण के निमित्त आने के लिए प्रसन्नता व्यक्त की तथा उन्हें अनुवाद जैसे जटिल विषय को सुगम एवं सरल ढंग से अनुवाद करने के लिए प्रेरित किया।
श्री शंकर शर्मा, सहायक निदेशक (राजभाषा) ने अपने स्वागत भ्सहन में वन अनुसंधान संस्थान तथा भारतीय वानिकी अनुसंधान एवं शिक्षा परिषद का संक्षिप्त परिचय देते हुए वहां अनुवाद संबंधी कार्यों के प्रकार तथा वानिकी विषय की भाषा और शब्दावली के प्रयोग पर संक्षिप्त जानकारी साझा की। उसके पश्चात डॉ. जयंती प्रसाद नौटियाल ने अपने व्याख्यान में सभी प्रतिभागियों को अनुवाद की आवश्यकता और सफल अनुवादक के गुणों पर विस्तृत जानकारी दी। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों को संस्थान के संग्रहालयों का दर्शन कराया गया।







