वन अनुसंधान संस्थान (ICFRE–FRI), देहरादून के वनोपज प्रभाग के संग्रथित काष्ठ अनुभाग (Composite Wood Discipline) द्वारा “प्लाईवुड निर्माण” विषय पर पाँच दिवसीय लघु अवधि प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 21 सितंबर 2026 को किया गया। यह कार्यक्रम 21 से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन वन अनुसंधान संस्थान के निदेशक, डॉ. सुधीर कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्लाईवुड एवं लकड़ी-आधारित उद्योगों में नवाचार, तकनीकी उन्नयन एवं सतत विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नवीनतम तकनीकों एवं वैज्ञानिक ज्ञान को अपनाने तथा ज्ञान के आदान-प्रदान एवं क्षमता निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्लाईवुड एवं लकड़ी-आधारित उद्योगों से 25 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों के प्लाईवुड निर्माण एवं प्रसंस्करण से संबंधित सैद्धांतिक ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल को सुदृढ़ करना है।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी व्याख्यान, व्यावहारिक प्रदर्शन एवं तकनीकी सत्रों के माध्यम से प्लाईवुड निर्माण, प्रसंस्करण तकनीकों, कच्चे माल तथा गुणवत्ता नियंत्रण से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही, प्रतिभागियों को संस्थान की संबंधित प्रयोगशालाओं एवं तकनीकी सुविधाओं का अवलोकन भी कराया जाएगा।








