आई.सी.एफ.आर.ई.–वन अनुसंधान संस्थान (ICFRE-FRI), देहरादून में आज “शहरी एवं ग्रामीण परिदृश्य के लिए हरित कौशल: नर्सरी एवं रोपण प्रबंधन” विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। दिनांक 25 से 27 नवंबर, 2026 तक आयोजित किए जा रहे इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा प्रायोजित किया गया है तथा इसका आयोजन आई.सी.एफ.आर.ई.–वन अनुसंधान संस्थान के वन संवर्धन एवं वन प्रबंधन प्रभाग द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन डॉ. सुधीर कुमार, निदेशक, आई.सी.एफ.आर.ई.-वन अनुसंधान संस्थान द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र में श्री डी. पी. खाली, समूह समन्वयक (अनुसंधान), डॉ. दिनेश कुमार, अधिष्ठाता (शैक्षणिक), व्.अ.सं. सम विश्विद्यालयएवं कार्यक्रम निदेशक, श्रीमती मोनालीसेन, कुलसचिव, व्.अ.सं. एवं प्रमुख, वन संवर्धन एवं वन प्रबंधन प्रभाग, डॉ. विनोद के. कैरों, कार्यक्रम समन्वयक, विभिन्न प्रभागों के प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक, विषय विशेषज्ञ तथाभारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI), भारतीय रेल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) आदि विभिन्न विभागों एवं सेवाओंके 24 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
डॉ. सुधीर कुमार ने भारत में हरित आवरण बढ़ाने, कार्बन सिंक के सृजन तथा पारिस्थितिकीय सुधार के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु गैर-वानिकी विभागों की क्षमता निर्माण में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। उन्होंने वन क्षेत्रों एवं शहरी क्षेत्रों में वृक्षारोपण के महत्व तथा वन अनुसंधान संस्थान द्वारा विकसित साल की नर्सरी तकनीक पर भी चर्चा की।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आई.सी.एफ.आर.ई.–वन अनुसंधान संस्थान के विशेषज्ञों द्वारा नर्सरी एवं पौधरोपण तकनीकों, रोपण प्रबंधन, उपयुक्त प्रजातियों के चयन, रोपण क्षेत्रों की सुरक्षा, वृक्षों में खोखलेपन की पहचान, शहरी वृक्षारोपण, मियावाकी तकनीक तथा वृक्षों के स्थानांतरण जैसे विषयों पर विशेष व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में डॉ. दिनेश कुमार, कार्यक्रम निदेशक ने अतिथियों का स्वागत किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विनोद के. कैरों, कार्यक्रम समन्वयक द्वारा प्रस्तुत किया गया।






